अमावस्या पर शिप्रा में स्नान के लिए नर्मदा का पानी डाला
अमावस्या पर शिप्रा में स्नान के लिए नर्मदा का पानी डाला
गऊघाट तक भरा गया; 22.60 रुपए प्रति हजार लीटर कीमत
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। उज्जैन में शनिश्चरी और सर्वपितृ अमावस्या पर 10 अक्टूबर को शिप्रा नदी में स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन नर्मदा के पानी का इंतजाम किया है। नर्मदा का पानी पाइपलाइन के जरिए त्रिवेणी तक पहुंचाया गया है।
यहां से इसे गऊघाट तक जमा किया गया है। स्नान से पहले पानी आगे छोड़ा गया है, ताकि श्रद्धालु त्रिवेणी, रामघाट सहित अन्य घाटों पर स्नान कर सकें।
खास बात यह है कि मानसून की विदाई के एक सप्ताह के भीतर ही शिप्रा में स्नान के लिए दूसरी नदी के पानी पर निर्भरता बनी हुई है।
चार दिन से आ रहा पानी, 0.8 क्यूसेक सप्लाई
नगर निगम के अपर आयुक्त पवन सिंह के अनुसार, नर्मदा पाइपलाइन से करीब 0.8 क्यूसेक पानी प्रतिदिन शिप्रा में पहुंच रहा है।
पिछले तीन से चार दिन से पानी लिया जा रहा है। शनिश्चरी अमावस्या पर प्रशासन की ओर से स्नान के
लिए पानी छोड़ा जाता है।
एक हजार लीटर पानी की कीमत 22.60 रुपए
नर्मदा का पानी शिप्रा में लाने के लिए निर्धारित दर के अनुसार भुगतान किया जाता है। जानकारी के मुताबिक, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) ने पानी की कीमत 22 रुपए 60 पैसे प्रति हजार लीटर तय की है। इसी दर के आधार पर भुगतान के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) को पत्र भेजे जाते हैं।



Post Comment