ऊंचडीह बाजार में श्री राम जन्म की लीला का भव्य मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल
ऊंचडीह बाजार में श्री राम जन्म की लीला का भव्य मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल
सहारा सन्देश टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र स्थित ऊंचडीह बाजार में आयोजित श्री सतेश्वर नाथ रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार की शाम भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। राम जन्म की लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग पहुंचे। जैसे ही भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग मंच पर प्रस्तुत हुआ, पूरा रामलीला पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्री सतेश्वर नाथ रामलीला महोत्सव में कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से राम जन्म की लीला को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान भगवान श्रीराम के जन्म से जुड़े प्रसंगों को देखकर दर्शकों ने खूब सराहना की। रामलीला देखने के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सतीश चन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, रामलीला का निर्देशन श्याम नारायण द्विवेदी उर्फ ब्रह्मचारी जी ने किया। कलाकारों ने अपनी भूमिकाओं को पूरी तन्मयता के साथ निभाते हुए दर्शकों का मन मोह लिया।
राम जन्म की लीला में भगवान श्रीराम की भूमिका कुमार प्रतीक ने निभाई, जबकि लक्ष्मण के रूप में कुमार दिव्यांश, भरत के रूप में कुमार वेद और शत्रुघ्न के रूप में कुमार देवांश ने अभिनय किया। राजा दशरथ की भूमिका जंगीलाल सेठ उर्फ झल्लर गुरु ने निभाई। वहीं, गुरु वशिष्ठ की भूमिका में चंद्रमणि मिश्रा और सुमंत की भूमिका में राजेश भट्ट नजर आए। सह कलाकार के रूप में संजय कुशवाहा ने भी अपनी भूमिका निभाई।
राम जन्म की लीला के दौरान पंडाल में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। धार्मिक आस्था और उत्साह के बीच रामलीला महोत्सव का दूसरा दिन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।



Post Comment